पीएम आवास योजना के 343 लाभार्थियों को मिली तीसरी किश्त
रुड़की। नगर पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन निर्माण के लिए तीसरी किश्त जारी कर दी गई है। 343 लाभार्थियों को सीधे उनके खाते में धनराशि उपलब्ध कराई गई है। चौथी किश्त के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों का चयन किया गया था। जिनको दो किश्तें पहले दी जा चुकी हैं। लेकिन अभी तक उनके मकान अधूरे पड़े हुए थे। जिसके लिए लाभार्थी लगातार नगरपलिका कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। नगर पालिका अध्यक्ष हाजी दिलशाद अली और अधिशासी अधिकारी मौहम्मद कामिल की ओर से धनराशि दिलाए जाने के लिए प्रयास किए गए थे। अब शासन की ओर से लाभार्थियों के लिए धनराशि अवमुक्त की गई है। अधिशासी अधिकारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि कुल 343 लाभार्थियों को तीसरी किश्त के रूप में प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 80 हजार रुपये भेज दिए गए हैं। कुल दो करोड़ 74 लाख 40 हजार की धनराशि लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 55 लाभार्थियों को तीसरी किश्त के रूप में धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन फाइलों में कुछ कमी होने के कारण इन लाभार्थियों को अभी कुछ इंतजार करना होगा। ईओ कहना है कि जिन लाभार्थियों को चौथी किश्त के रूप में भुगतान किया जाना है उनको सूचीबद्ध कर लिया गया है। शासन से पत्राचार कर ऐसे लाभार्थियों के लिए भी धन अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया गया है। जल्द ही उन लाभार्थियों को भी चौथी व अंतिम किश्त के रूप में धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
