रंगदारी मांगने का आरोपी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
रुड़की। महिला के घर में घुसकर रंगदारी मांगने, पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने और पुत्र को जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कई थानों में भी उस पर अपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। गांव बरहमपुर जट निवासी एक महिला ने पिछले दिनों पुलिस को तहरीर दी थी कि गांव का एक युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह उसके घर में तमंचा लेकर घुसा। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर परिवार के लोगों को डराया धमकाया और 50 हजार रुपये की मांग की। महिला का कहना था कि रुपये न देने पर उसने उसके पति को झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। साथ ही उसके पुत्र को जान से मारने की भी धमकी दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी सहित दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मैनवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव के आसपास देखा गया है, जिसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पथरी, सिडकुल, गंगनहर, सिविल लाइंस, लक्सर, मंगलौर सहित थानों में विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर तथा मुजफ्फरनगर के अन्य थानों में भी उस पर अपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी का नाम विपुल उर्फ छोटा निवासी ग्राम बरहमपुर जट्ट कोतवाली मंगलौर है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
