एयरपोर्ट अधिकारी बताकर उड़ाए 78000 रुपये

रुद्रपुर। सीरगोटिया के रहने वाले एक दुकान स्वामी से पंतनगर एयरपोर्ट का अधिकारी बताकर हजारों रुपये की नगदी उड़ा ली। दुकान स्वामी का आरोप था कि आरोपी ने कई चश्मे बनाने का आर्डर दिया था और गूगल पे पर रकम डालने की बातकर नगदी निकाल ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीरगोटिया निवासी वसीम अहमद ने बताया कि आवास विकास रविंद्रनगर मुख्य मार्ग पर उसकी पीस ऑप्टीकल्स के नाम से चश्मे बनाने की दुकान है। 4 सितंबर 2021 को एक व्यक्ति का कॉल आया। जो अपने आप को एयरपोर्ट पंतनगर का अधिकारी बता रहा था। आरोप था कि कॉलर ने एक साथ 20 चश्मे बनाने का आर्डर दिया और दूसरे मोबाइल नंबर पर चश्मों की कीमत को गूगल पे में डालने की बात कही। शिकायतकर्ता का आरोप था कि जैसे ही गूगल पे पर भुगतान संबंधी लिंक आया और लिंक खोलते ही खाते से दो बार में 78000 रुपये की धनराशि का भुगतान हो गया। पैसों की निकासी होने का मैसेज आने पर जब दिए गए नंबर पर कॉल किया तो मोबाइल ऑफ मिला। दुकानदार ने अज्ञात व्यक्ति पर झांसा देकर एयरपोर्ट का अधिकारी बनकर कंप्यूटर संसाधनों का प्रयोग कर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर साइबर क्राइम थाने की संस्तुति के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *