होमगार्ड ने जख्मी युवक को अस्पताल पहुंचाया

 

ऋषिकेश। तपोवन बाईपास मार्ग पर अज्ञात वाहन ने एक युवक को टक्कर मार दी। जख्मी हालत में सड़क किनारे पड़े युवक को बाइक सवार ने देखा, तो तत्काल पीडब्ल्यूडी तिराहे पर तैनात होमगार्ड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे होमगार्ड ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए आपातकालीन 108 सेवा को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस रानीपोखरी में होने के चलते होमगार्ड ने साथी के साथ खुद के निजी साधन से युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की पहचान जगदीश गुप्ता निवासी चंद्रभागा, ऋषिकेश के रूप में हुई। फिलहाल जगदीश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। होमगार्ड प्रकाश आर्य ने बताया कि एंबुलेंस मौके पर नहीं आने की वजह से उन्होंने साथी होमगार्ड विकास आर्य को सहायता के लिए बुलाया था। प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि मामले में घायल के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलती है, तो मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी। उधर, त्वरित एक्शन लेने पर पुलिस महानिरीक्षक और कमांडेंट जनरल होमगार्ड केवल खुराना ने दोनों होमगार्ड की सराहना की है। उन्होंने होमगार्ड प्रकाश आर्य और विकास आर्य को सम्मानित करने की घोषणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *