मतदाता दिवस पर ली शपथ
नई टिहरी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय परिवार ने लोकतंत्र की मर्यादा एवं परंपराओं को सुदृढ़ बनाने की शपथ ली। 9 दिनों के शीतावकाश के बाद विधिवत महाविद्यालय खुलते ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कालेज प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज के नीचे प्राचार्य प्रो. राजेश कुमार उभान की उपस्थिति में समारोहक डा. जीतेंद्र नौटियाल ने उपस्थित छात्र, कर्मचारियों एवं प्राध्यापकों को मताधिकार प्रयोग की शपथ दिलाई। सभी मतदाताओं द्वारा अपने मत का प्रयोग निर्भय होकर किसी भी भेदभाव से ऊपर उठकर प्रजातंत्र की मजबूती के लिए किये जाने का संकल्प लिया गया । इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक कर्मचारी एवं छात्र मौजूद रहे।
