थैलेसीमिया और हीमोग्लोबिनोपैथी का पता लगाने के तरीके बताए
हल्द्वानी। नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को लेकर एसटीएच में दो दिवसीय कार्यशाला हुई। कार्यशाला में प्रदेश के सभी जिलों के टेक्नीशियन शामिल हुए। डॉक्टरों को नवजात शिशुओं में थैलेसीमिया और हीमोग्लोबिनोपैथी का पता लगाने का प्रशिक्षण दिया गया। सोमवार को एसटीएच सभागार में हुई कार्यशाला का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला से चिकित्सीय विज्ञान जगत के नये अनुसंधानों, तकनीकों और इलाज के आयामों पर चर्चा कर चिकित्सीय गुणवत्ता मे सुधार होता है। मुख्य वक्ता डॉ. हरिशंकर पांडे ने थैलेसीमिया और हीमोग्लोबिनोपैथी की रोकथाम एवं नियंत्रण के सम्बंध मे जानकारी दी। डॉ. रितु रखोलिया ने थैलेसीमिया और हीमोग्लोबिनोपैथी के लक्षणों की जानकारी और बचाव एवं स्क्रीनिंग के तरीके बताए। यहां मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जीएस तितयाल, डॉ.तनुजा पांगती, प्रो. वीनू राजदान, जनसंपर्क अधिकारी आलोक उप्रेती आदि मौजूद थे।
