धोखाधड़ी से बेच दी पूर्व पीसीएस अधिकारी की जमीन

रुड़की। कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूर्व पीसीएस अधिकारी की लक्सर में स्थित जमीन बेच दी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की। पता चला कि आरोपियों का पूरा गिरोह है और गिरोह इसी तरह फर्जी दस्तावेजों पर पहले भी जमीनें बेच चुका है। पुलिस ने गैंग के सरगना सहित दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ लक्सर विवेक कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व लक्सर की महिला ने अपने मृत पति की जमीन फर्जी तरीके से बेचने की शिकायत की थी। मुकदमा लिखने के बाद कोतवाल अमरजीत सिंह के साथ एसएसआई अंकुर शर्मा, एसआई हरीश गैरोला, दिनेश और सत्येंद्र की टीम ने जांच की। पता चला कि आरोपियों का पूरा गिरोह है, और वह गिरोह फर्जी नामों से इसी तरह पहले भी जमीनें बेच चुका है। पता चलने के बाद टीम ने छापेमारी कर गिरोह के सरगना महेंद्र सिंह पुत्र बदलू निवासी जीवनपुरी थाना रामराज, जिला मुजफ्फरनगर (यूपी) और उसके साथी चांद पाल पुत्र फरमा निवासी कलसिया थाना खानपुर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि गिरोह पहले इसी तरह की लावारिस जमीन देखता था और फिर जमीन के असली मालिक के नाम से फर्जी आधार कार्ड और दूसरे दस्तावेज तैयार कर जमीन किसी दूसरे को बेच देता था। इसी गिरोह ने पूर्व पीसीएस अधिकारी के पुत्र के नाम से भी फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था, जबकि उसकी कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। कहा कि गिरोह में यूपी के जिला बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के कई लोग शामिल हैं। गिरोह के इन सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *