बिजली बिलों का भुगतान करवाकर जलापूर्ति सुचारु करवाने की मांग की

 

विकासनगर। सेलाकुई क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों से नलकूपों का बिजली कनेक्शन काटे जाने के कारण नलकूप बंद पड़े हैं। इससे सेलाकुई के लोगों को पेयजल का संकट का सामना करना पड़ रहा है। सेलाकुई के पूर्व प्रधान और उपप्रधान ने जिलाधिकारी से ऊर्जा निगम के बिलों का भुगतान करवाकर पेयजल आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है। स्वजल विभाग की ओर से सेलाकुई क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति के लिए पुलिस चौकी के पास जमनपुर क्षेत्र और बंजारा गली में नगर क्षेत्र के लिए दो नलकूप पेयजल योजनाएं बनाई गईं। इनके अनुरक्षण और प्रबंधन का कार्य उपभोक्ता पेयजल और स्वच्छता समिति को सौंपा गया। ग्रामीणों से बकायदा बिल समिति की ओर से वसूला जाता रहा। लेकिन ऊर्जा निगम के बिल का समिति की ओर से कोई भुगतान नहीं किया गया। दोनों पेयजल योजनाओं का बिजली का बिल कई सालों तक जमा न होने के कारण समिति के ऊपर ऊर्जा निगम का साठ लाख रुपये से अधिक का बिल बकाया हो गया। लेकिन बिल जमा नहीं किया गया। इसके बाद ऊर्जा निगम ने दोनों पेयजल नलकूप योजनाओं के कनेक्शन काट दिए। इसके बाद से योजनाओं से जलापूर्ति ठप हो गयी। तब से लेकर सेलाकुई के लोगों ने विधायक से लेकर मंत्री तक गुहार लगाई। लेकिन ऊर्जा निगम के बिजली बिलों का भुगतान न होने के कारण कनेक्शन नहीं जुड़ पाये। जिसके चलते सेलाकुई की आधे से अधिक आबादी पिछले तीन वर्षों से बूंद बूंद पानी के लिए तरस रही है। ऐसे में पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर व पूर्व उपप्रधान अनिल नौटियाल ने सोमवार को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर बिजली के बिलों का भुगतान करवाकर सेलाकुई में जलापूर्ति सुचारु करवाने की मांग की। इस मामले में जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिस पर एडीएम वित्त ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सेलाकुई को बिजली बिलों की डिटेल सहित जानकारी व प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *