शिक्षण संस्थानों में धूमधाम से मनाया क्रिसमस
विकासनगर। नगर और आसपास के क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में शुक्रवार को क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया। नौनिहालों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इसमें बच्चे सेंटा, फेरी, यीशू मसीह की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। शुक्रवार को एसएसजी पब्लिक स्कूल भीमावाला और डीआर किड्स पब्लिक स्कूल लक्ष्मणपुर चौक में नौनिहालों ने कैंडल जलाकर यीशू मसीह से विश्व शांति और अमन चैन की प्रार्थना की। नाटक के माध्यम से यीशू के जन्म की घटनाओं को दर्शाया गया। मददगार नाटक के माध्यम से लोगों को दूसरों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाचार्य नीरू सोनी ने बच्चों को बताया कि हिंदुस्तान में प्रत्येक धर्म के पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाने की परंपरा रही है। कहा कि क्रिसमस का पर्व उल्लास, उमंग के साथ ही विश्व को शांति का संदेश भी देता है। उन्होंने बच्चों को यीशू मसीह के बलिदान और त्याग की जानकारी देकर जीवन में अच्छे कार्य करने को प्रेरित किया। सेंटा क्लॉज बने शिक्षकों ने बच्चों को उपहार वितरित किए। सेंटा क्लॉज की भूमिका में शिक्षकों को देखकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए। इस दौरान दृष्टि, ऐनी, एकदीप, तनीश, अमरजीत, वर्षा आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर, एनफील्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में भी क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। बच्चों ने जिंगल बेल, जिंगल बेल…गीत पर शानदार नृत्य कर वाहवाही लूटी। प्रधानाचार्य ओपी चुग ने बच्चों को क्रिसमस के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उषा चौहान, रेखा चावला, पुनीता बडोनी, रीता भारद्वाज आदि मौजूद रहे। यूरो किड्स प्री स्कूल दुर्गा विहार में भी नौनिहालों ने क्रिसमस पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों ने एक दूसरे को उपहार बांटे।
