531 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य जांचा
विकासनगर। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय छरबा की ओर से शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही कोविड बचाव की जानकारी दी। डॉ. आभा शर्मा ने छात्र-छात्राओं को बताया कि कोविड की चौथी लहर की आशंका बनी हुई है। लिहाजा इससे बचाव के लिए सावधानी बरती जानी जरूरी है। भीड़भाड़ वाली जगहों के साथ ही विद्यालय में भी हर दिन मॉस्क का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जुकाम, बुखार की शिकायत होने पर चिकित्सक की सलाह ली जानी जरूरी है। सभी छात्र-छात्राओं को बूस्टर डोज लगानी होगी। कहा कि कोविड की तीसरी लहर में वैक्सीन ने ही लोगों को संक्रमण से बचाया, जो संक्रमित हुए उनमें वैक्सीन की वजह से पर्याप्त एंटीबॉडी होने के कारण कोविड का असर कम रहा। शिविर में सभी 531 छात्र-छात्राओं समेत 27 शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का स्वास्थ्य जांचा।
