फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड निर्माण को प्रयास तेज
ऋषिकेश। शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि श्यामपुर फाटक पर जाम से निजात के लिए ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत दो आरओबी बनाए जाएंगे। बाईपास मार्ग पर फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड बनाने के लिए भी प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार को बैराज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी ऋषिकेश में पर्यटक, तीर्थयात्रियों की आमद लगातार बढ़ रही है। जाम की समस्या से स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को परेशान होना पड़ता है। रेल के आवागमन के चलते श्यामपुर फाटक पर भी जाम की स्थिति बनी रहती है। इसके लिए लोगों की मांग पर बाईपास मार्ग पर फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा पर इस परियोजना का सर्वे, डिजाइन तैयार है और ड्राफ्ट व डीपीआर भी तैयार है। इसे अगली कार्यवाही हेतु रीजनल आफिस भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही इस परियोजना का काम शीघ्र ही शुरू किया जायेगा। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-58 पर चारधाम ऑल वेदर रोड प्रोजेक्ट के तहत दो आरओबी बनाए जाने हैं। पहला आरओबी श्यामपुर फाटक पर बनेगा। यह बंगाली नाला पुल के पहले से रेलवे लाइन के ऊपर से होता हुआ श्यामपुर की ओर हाईवे पर उतरेगा। दूसरा आरओबी मनसा देवी फाटक पर बनाया जाना है। यह दुर्गा मंदिर आईडीपीएल के कुछ आगे से शुरू होकर वीरभद्र स्टेशन से योग नगरी और ऋषिकेश को आने वाली रेल लाइनों के ऊपर से होता हुआ मनसा देवी तिराहे से आगे बाईपास मार्ग पर जोड़ा जाएगा। कहा कि नटराज चौक पर एक वायडक्ट का भी निर्माण किया जाना है। ढालवाला से खारा स्रोत तक टनल का निर्माण किया जाना है। उन्होंने अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार को इन कार्यों के लिए कार्रवाई तेज करने व समय-समय पर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
