छात्रसंघ चुनाव हेतु प्रचार हुआ तेज

ऋषिकेश। श्री देव सुमन विवि के ऋषिकेश कैंपस में छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। एबीवीपी से अध्यक्ष पद के दावेदार ने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में रैली निकाली और मतदाताओं से संपर्क साधा। वहीं, चुनाव में किस्मत आजमाने वाले अन्य प्रत्याशियों के समर्थक भी प्रचार सामग्री बांटकर मतदाताओं को रिझाने में जुट गए हैं। समूचा कैंपस चुनावी रंग में डूबा नजर आने लगा है। विवि कैंपस प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव की तारीख 24 दिसंबर तय की है। चुनाव की तारीख करीब आने के साथ ही कॉलेज में चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है। मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवार ऋतिक पाठक ने परिषद सदस्यों और समर्थकों के साथ रैली निकाली। विज्ञान संकाय भवन से शुरू हुई रैली में शामिल समर्थक नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। रैली के माध्यम से पाठक ने कला संकाय और कॉमर्स संकाय के छात्र-छात्राओं से भी संपर्क साधा। इस दौरान पाठक ने छात्र-छात्राओं को उनकी समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया। रैली में छात्र नेता शुभम शर्मा, नितिन सक्सेना, अनुराग पयाल, दीपक भारद्वाज, रोहित सोनी, अनिरुद्ध शर्मा, चेतन, राजू, यश अरोड़ा, साकेत शर्मा, यश गर्ग आदि मौजूद रहे। वहीं छात्रसंघ चुनाव के दूसरे संभावित प्रत्याशी भी चुनाव जीतने के लिए प्रचार तेज कर रहे हैं। छात्र नेताओं के समर्थक कॉलेज के मेनगेट से लेकर अंदर परिसर में आने जाने वाले छात्र-छात्राओं को पंपलेट, हैंडबिल आदि बांटने में लगे हैं। छात्र-छात्राओं का कहना है कि चुनावी सरगर्मियां बढ़ने से शिक्षण कार्य प्रभावित होने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *