दुध्याड़ी देवी मेले में श्रद्धालुओं मांगी मन्नत
नई टिहरी। भिलंगना के गोनगढ़ पट्टी के पौनाड़ा में आयोजित दुध्याड़ी देवी मेले में तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने दुध्याड़ी देवी के दर्शन कर देवी को श्रीफल और पिठाई भेंट कर मनौती मांगी। मेला समिति के अध्यक्ष पूरब सिंह पंवार ने बताया 14 नवंबर को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज दुध्याड़ी देवी मेले शरक्त करेंगे। 12 वर्ष बाद आयोजित हो रहे दुध्याड़ी देवी मेले के तीसरे दिन भागीरथी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व राज्यमंत्री अब्बल सिंह बिष्ट ने बतौर मुख्य अतिथि मेले में शिरकत की। मेला समिति व मंदिर समिति से जुड़े लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत कर उन्हें मां दुध्याड़ी देवी का स्मृति चिह्न भेंट किया। राज्यमंत्री ने 12 वर्ष बाद हो रहे मेले के विशाल और भव्य आयोजन हेतु मेला, मंदिर समिति के साथ गोनगढ़ क्षेत्र के लोग बधाई दी है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ की तर्ज पर 12 वर्ष में मां दुध्याड़ी देवी अपने मूल स्थान से बाहर आकर क्षेत्र के लोगों को दर्शन देकर सुख समृद्धि का आशीर्वाद देती है। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक टीमों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। मां दुध्याड़ी देवी की डोली क्षेत्र भ्रमण कर गांव-गांव जाकर लोगों को दर्शन देने के बाद रात को अपने मूल स्थान पर लौटती है। देश विदेश में रह रहे गोनगढ़ क्षेत्र के प्रवासियों की दुध्याड़ी देवी पर अटूट आस्था है, कई प्रवासी लोग घर आकर देवी की आराधना में जुटे हैं। मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष बादर सिंह असवाल,संयोजक पूरब सिंह नेगी, कमल पंवार, भरत सिंह नेगी सहित क्षेत्र की जनता मौजूद थी।
