आईटीआई की स्थिति सुधारने को मंत्री को लिखा पत्र
नई टिहरी। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने विधानसभा में अवस्थित आईटीआई संस्थानों के सुधारीकरण की मांग को लेकर काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र लिखा। जनहित में आईटीआई नई टिहरी की प्रधानाचार्य के स्थानांतरण की मांग भी की। काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा को लिखे पत्र में विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि नई टिहरी स्थित आईटीआई की प्रधानाध्यापिका का स्थानांतरण जनहित में जरूरी है। इसके साथ ही नई टिहरी आईटीआई की गुणवत्ता में सुधार की मांग की। नकोट आईटीआई में स्टाफ को अविलंब वापस भेजने की मांग भी काबीना मंत्री से की। अंजनीसैंण में स्थापित आईटीआई को शुरू कर यहां पर भी स्टाफ को अविलंब भेजा जाय। विधायक किशोर का कहना है कि उनकी विधानसभा में युवाओं को स्वरोजगारी बनाने के लिए आईटीआई की भूमिका अहम है, इसलिए यहां के सभी आईटीआई को गुणवत्ता के साथ चलाया जाना जरूरी है। ताकि युवाओं को रोजगार का आधार दिया जा सके।
