हनोल को मास्टर प्लान के तौर पर विकसित किया जाए

विकासनगर। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल महासू देवता मंदिर हनोल को दिव्य और भव्य स्वरूप से विकसित करने के लिए मंदिर समिति ने प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन प्रेषित किया। महासू देवता मंदिर समिति हनोल ने मंत्री को भेजे ज्ञापन में बताया कि जागरा पर्व मेले के दौरान उन्होंने महासू देवता मंदिर हनोल को विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाने की घोषणा की थी। कहा था कि हनोल को दिव्य भव्य रूप दिया जायेगा, जिससे हनोल देश-विदेश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र में आ सके। बताया कि दो माह से अधिक समय बीत चुका है लेकिन अभी तक पर्यटन विभाग और सरकार की ओर से हनोल के विकास की कोई पहल शुरू नहीं हुई। जबकि मंदिर समिति ने त्यूणी-मोरी रोड चौड़ीकरण, हनोल में पार्किंग, हैलीपैड, स्नानगृह, मन्दिर परिसर बड़ा बनाने, रावडीपांट के जीर्णोद्धार, गांव, मंदिर परिसर का सौन्दर्यीकरण, हर्बल गार्डन, टौंस नदी पर मोटर पुल, ठडियार मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण आदि कार्य का प्रस्ताव पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज को जागरा पर्व मेले से पहले दिया गया था। जिस पर मंत्री ने हनोल को मास्टर प्लान के तौर पर तैयार कर बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर विकसित करने की बात कही थी। लेकिन अभी तक मंत्रालय हरकत में नहीं आया है, जिससे मंदिर समिति और ग्रामीणों में निराशा है। ज्ञापन के माध्यम से समिति के सदस्यों ने हनोल में मास्टर प्लान पर जल्द कार्य शुरू करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति सचिव मोहनलाल सेमवाल, राजेंद्र नौटियाल, वजीर जयपाल सिंह, मदन चंद, प्रह्लाद जोशी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *