जौनसार बावर भवन निर्माण को केंद्रीय मंत्री से मांगी सहायता

विकासनगर। जौनसार बावर जनजातीय कल्याण समिति दिल्ली कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को केंद्रीय जनजाति कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने दिल्ली में बन रहे जौनसार बावर भवन निर्माण में सहयोग की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि जौनसार बावर क्षेत्र जनजाति क्षेत्र होने के साथ ही आर्थिक तौर पर भी पिछड़ा हुआ है। अधिकांश युवा शिक्षा और रोजगार की तलाश में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का रुख करते हैं, लेकिन उन्हें यहां शुरुआती दिन गुजारने के लिए कोई ठिकाना नहीं मिलता है, जिससे उन्हें कई परेशानियों से गुजरना पड़ता है। कई बार उपचार के लिए भी गरीब वर्ग के मरीज दिल्ली के अस्पतालों में आते हैं, उनके साथ आए तीमारदार महंगे होटल में रहने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में दिल्ली में जौनसार बावर भवन के निर्माण से सभी लोगों को मदद मिलेगी। इसके साथ ही यह भवन जनजाति क्षेत्र की संस्कृति के प्रचार प्रसार का भी प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे देश विदेश के लोगों को जौनसारी संस्कृति की जानकारी मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय जनजाति मंत्री जनजातीय उप योजना के तहत भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में समिति के चेयरमैन रतन सिंह रावत, अध्यक्ष विद्या दत्त जोशी, कोषाध्यक्ष कुंदन सिंह चौहान, चमन सिंह रावत, दिनेश वर्मा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *