त्यूणी क्षेत्र को फल पट्टी के रूप में विकसित किया जाए
विकासनगर। जनजातीय किसान विकास समिति ने त्यूणी तहसील क्षेत्र को फल पट्टी घोषित करने की मांग की है। समिति की ओर से इस आशय का ज्ञापन उद्यान मंत्री को प्रेषित किया गया। शुक्रवार को प्रेषित ज्ञापन में समिति से जुड़े किसानों और बागवानों ने बताया कि तहसील के अंतर्गत त्यूणी सहित कथियान, डांगूटा, पटियूड, ऐठान, भूनाड़, हरटाड़, सारनी, डांडी, फाटीधार, किस्तूड़, चौरी लानी, डेरसा, पयूनल, मुंधौल, रडू, डुंगरी, ओबरासैर, चौसाल, देवडाबाग, नुणाई थात, फनार, भूठ, निनूस, पुरटाड, डिरनाड, कालटी आदि गांव के ग्रामीण सेब की बागवानी को आजीविका के रूप में अपना रहे हैं। लॉकडाउन के समय बेरोजगारी बढ़ने पर भी क्षेत्र के अधिकांश युवा बागवानी को रोजगार के रूप में अपना चुके हैं। ऐसे में यदि, क्षेत्र को फल पट्टी के रूप में विकसित किया जाए तो क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं, क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा भी मिलेगा। बताया कि क्षेत्र में सेब का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाता है। सेब ही एक ऐसी फसल है, जिससे बागवान अपनी उपज से दस गुना अधिक आय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने उद्यान मंत्री से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में धीरज सिंह राणा, इंद्र राम डोभाल, पृथ्वी सिंह राणा, भागीराम डोभाल, जोतराम, लायकराम सोकटा, भगतराम, रमेश चौहान, बालकराम, भागमल, मातबर सिंह आदि शामिल रहे।
