उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती हो
विकासनगर। उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद सृजित नहीं किया गया है। इससे कार्यालय में आने वाले शिक्षकों को भी रूबरू होना पड़ता है। शिक्षकों ने उप शिक्षाधिकारी कार्यालय के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के पद सृजित कर नियमित तैनाती की मांग की है। विकासनगर ब्लॉक की बात करें तो यहां 104 प्राथमिक विद्यालयों में करीब तीन सौ शिक्षक तैनात हैं। जबकि 34 जूनियर हाईस्कूल में 184 शिक्षक कार्यरत हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों की छात्र संख्या आठ हजार से अधिक है। ऐसे में शिक्षकों और छात्रों के कार्यों के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों का उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में आना-जाना लगा रहता है। इसके साथ ही जिला स्तरीय अधिकारी भी कई बार कार्यालय में निरीक्षण को आते हैं। हर दिन कई सूचनाएं डाक के माध्यम से विभिन्न स्कूलों और जिला मुख्यालय को भेजनी पड़ती है। ऐसे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का पद सृजित नहीं होने से शिक्षकों और अधिकारियों को परेशानियों से दो चार होना पड़ता है। हालांकि व्यवस्था के तौर पर विद्यालय से बुलाकर हर दिन दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी कार्यालय में लगाई जाती है, लेकिन कई बार संबंधित विद्यालयों में भी कार्य की अधिकता होने के कारण प्रधानाध्यापक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को विद्यालय में वापस बुला लेते हैं। ऐसे में उप शिक्षाधिकारी कार्यालय के काम अटक जाते हैं।
जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष अनंत सोलंकी, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री कमल सुयाल, ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण कुमार, कोषाध्यक्ष मधु पटवाल, जूहा शिक्षक संघ के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश नौटियाल ने कहा कि शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के हितों को देखते हुए उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मी का पद सृजित कर तीन नियमित कर्मचारी तैनात किए जाने चाहिए। उधर, खंड शिक्षाधिकारी वीपी सिंह ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद सृजन को लेकर जिला मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
