परमात्मा पर विश्वास करने से जीवन हो जाता है सफल: चमोली
विकासनगर। पछुवादून गढ़वाल सभा की ओर से दिनकर विहार स्थित सभा भवन में आयोजित श्रीमद देवी भागवत ज्ञान यज्ञ के तहत बुधवार को कथा व्यास ने भगवान के भक्ति की महत्ता का वर्णन करते हुए कहा कि जीवन में सबसे बड़ा धन राम नाम है। कथा व्यास प्रमोद चमोली ने कहा कि परमात्मा पर अगर विश्वास करोगे तो भव से पार हो जाओगे। हमें भगवान से कभी कुछ भी नहीं मांगना चाहिए। स्वयं भगवान को ही मांगने से जीवन सुधरने के साथ ही परलोक भी सुधर जाएगा। बताया कि प्रेम भाव से यज्ञ किया जाए तो वह सफल होता है, लेकिन छल-कपट कर कोई काम किया जाए तो वह काम असफल होता है। सबसे बड़ा धन भगवान का नाम है। जिसके पास रामनाम रूपी धन है वही सबसे बड़ा धनवान है। कथा व्यास ने कहा कि हर काम के साथ राम का नाम जोड़ दो तो वह पूजा बन जाता है। संतों का आशीर्वाद हमको मिला है। तभी तो हम राज कर रहे हैं, खुशी से हंस रहे हैं। हमें संतों से कभी हानि नहीं होती है। हमेशा फायदा ही फायदा होता है। हम कई जन्मों से श्री कृष्ण से जुड़े हैं तभी तो हमारा मन आज भी कृष्ण की कथा सुनने में लगा हुआ है। अगर गोपाल को भाव से, प्रेम से बुलाते हैं तो वह भी हमारे घर मेहमान के रूप में आ ही जाते हैं। परमात्मा सबको देखता है सबकी सुनता है उसकी नजर सब पर है। बड़े से बड़े संकट में भी जो मुस्कुरा दे और हंस कर टाल दे वह संसार का सबसे बड़ा व्यक्ति है। कहा कि कभी भी आंखों के सामने पाप होते नहीं देखना चाहिए, मरते दम तक अपनी मेहनत की ही रोटी खानी चाहिए। कहा कि कभी भी वजन रखकर मत जीना बल्कि हमेशा भजन रखकर जीना। इस दौरान राजेंद्र बिंजोला, अनंत सोलंकी, देवेश्वरी बिडालिया, मनोज पैन्यूली, ओपी राणा, त्रिलोक सिंह रावत सुरेश बेलवाल, आशीष चौधरी, विक्रम बिष्ट आदि मौजूद रहे।
