तहसील दिवस पर 115 शिकायतें दर्ज, 52 का मौके पर निस्तारण
नई टिहरी। थत्यूड़ तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में फरियादियों ने 115 शिकायतें दर्ज करवाई। मौके पर 52 शिकायतों का निस्तारण किया। सीडीओ ने शेष शिकायतों का 10 दिनों के भीतर निस्तारण करने के अधिकारियों को निर्देश दिये। मंगलवार को सीडीओ मनीष कुमार के अध्यक्षता में थत्यूड़ में आयोजित तहसील दिवस में हरीमणी गौड़ ने पर्यटक स्थल देवलसारी से नागटिब्बा ट्रैकिंग रज्जू मार्ग का सुधारीकरण करने, महिपाल सिंह ने परोडी-साटागाड सड़क के डामरीकरण, जयेन्द्र बिजल्वाण ने थत्यूड-बंगलील, ढाणा मोटर का डामरीकरण, जिपंस सनवीर बेलवाल ने तहसील दिवस की सूचना का सही से अदान प्रदान न होने की शिकायत की। खेमराज भट्ट ने क्षेत्र में दूरसंचार सेवा बाधित होने, रतनमणी भट्ट ने जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा के उपाय करने, विरेन्द्र चौहान ने क्षेत्र के कई विद्यालयों में शिक्षक देहरादून से आवागमन करने के कारण देर से विद्यालय पहुंचने का मामला उठाया। महिपाल सिंह ने थत्यूड़ में उप तहसील दफ्तर खोलने तथा तहसीलों में 64 नाप के बंदोबस्त किए जाने की मांग की। गुरुदयाल सिंह रांगड ने जौनपुर क्षेत्र में नई सड़कों की स्वीकृत करवाने की प्रक्रिया का सरलीकरण करने की मांग की। जनप्रतिनिधियों एवं बेरोजगारों ने भर्ती घोटाले मामले में सीबीआई जांच तथा ठेकेदार संघ ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया। मौके पर डीडीओ सुनील कुमार, सीएमओ डॉ. संजय जैन, ब्लाक प्रमुख सीता रावत, एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान, जिपं उपाध्यक्ष भोला सिंह परमार, अभिलाषा भट्ट, विजेन्द्र कठैत, ईई रजनीश कुमार, ईई सतीश नौटियाल, महिपाल रावत, विरेंद्र चौहान, रमेश लेखवार, खेमराज भट्ट आदि मौजूद थे।
