हाथी का मजदूरों के टैंटों पर हमला, एक की मौत

ऋषिकेश।  शिवपुरी में तिमली रोड पर सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के टैंटों पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने नेपाली मूल के एक मजदूर को पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। जबकि, मृतक के अन्य साथियों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक गुरुवार देर रात करीब 11 बजे तिमली रोड पर हाथी आ धमका। यहां पर सड़क किनारे टैंट में सो रहे मजूदरों पर हाथी ने हमला बोल दिया। हाथी के हमले से बचने के लिए मजूदर भागने लगे। इसी बीच एक मजदूर को हाथी ने पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। जबकि, अन्य साथियों ने किसी तरह से भागकर अपनी जान बचाई। हाथी के हमले से मजदूरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर शिवपुरी चौकी पुलिस और शिवपुरी वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। हाथी ने आसपास के टैंट भी तोड़ डाले। इसके बाद हाथी जंगल में चला गया। शिवपुरी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि मृतक की पहचान संतोष तमांग (40) पुत्र मनबहादुर निवासी ग्राम सताइस दूरी, जिला बांके, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। मृतक यहां पर सड़क निर्माण का काम करता था। घटना के दौरान छह-सात लोग टैंट में सो रहे थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *