माख्टी पोखरी गांव में पेयजल का संकट
विकासनगर। भारी बारिश के चलते माख्टी पोखरी गांव की पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त होने से गांव में पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। करीब चार सौ से अधिक की आबादी वाले गांव के लोग मात्र एक हैंडपंप से अपनी प्यास बुझाने को मजबूर हैं। हैंडपंप पर पानी कम आने से लोगों को घंटों तक पानी के लिए अपनी बारी का इंतजार लाइन में खड़ा रहकर करना पड़ता है।
माख्टी पोखरी गांव के अस्सी परिवारों की करीब चार सौ की आबादी के लिए दो पाइप लाइनें बनाई गयी हैं। इनमें एक सवाई खड्ड पाइप लाइन और दूसरी सिजला पाइप लाइन हैं। लेकिन दोनों पाइप लाइनें बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। पिछले कई दिनों से सिजला पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति बंद है। जबकि दो दिन पूर्व सवाई खड्ड पाइप लाइन चुरानी के पास क्षतिग्रसत हो गयी। चुरानी पाइपलाइन का पुर्ननिर्माण दो माह पहले हुआ। लेकिन घटिया गुणवत्ता और निर्माण कार्यों में बरती गयी अनियमितता के चलते पानी के संग्रहण के लिए बनाये गये चैंबर क्षतिग्रस्त हो गये। इससे पेयजल योजना से जलापूर्ति बंद हो गयी। ग्रामीण दिनेश दास, शुभम राणा, प्रीतम सिंह चौहान, ऋषभ तोमर, सुभाष राणा ने पेयजल संस्थान से दोनों पाइपलाइनों की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है। अवर अभियंता जल संस्थान विनोद कुमार ने कहा कि पेयजल लाइन की मरम्मत कर जल्द जलापूर्ति सुचारु की जायेगी।
