रुड़की में तिरंगा यात्राओं के साक्षी बने हजारों लोग
रुड़की। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरा रुड़की शहर तिरंगामय हो गया। शहर में जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकली। हजारों लोग इन यात्राओं के साक्षी बने। मदरहुड विवि की ओर से तिरंगा जन जागरूकता रैली निकाली। रैली को विवि के कुलपति प्रो. नरेंद्र शर्मा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मदरहुड विवि से शुरू होकर बीएसएम तिराहे पर पहुंची। इसके बाद पूरे रुड़की शहर में विवि के छात्रों, प्राध्यापकों ने रैली निकाली। शहीद भगत सिंह को माल्यार्पण करते हुए रैली संपन्न हुई। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि हमें अपने गौरवशाली इतिहास को जानना व समझना चाहिए। बिना अपने इतिहास को समझे कोई भी देश और उसकी युवा पीढी विकास के मार्ग पर आगे नहीं बढ़ सकती है। राष्ट्रीय तिरंगा हमारी आन बान शान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। निदेशक प्रशासन दीपक शर्मा ने कहा कि झंडा देश का प्रतीक होता है। वहीं, हर घर तिरंगा अभियान,आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विधायक प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में चंद्रशेखर चौक के निकट 50 फिट ऊंचा झंडा फहराया गया। उसके बाद मेन बाजार में व्यापारियों को विधायक बत्रा ने राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया और इस महाअभियान में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अभिषेक चंद्रा,प्रवीण संधू, इंदर बधान, नरेंद्र जैन, सावित्री मंगला, नवीन गुलाटी, भारत कपूर, सुनीता गोस्वामी, वैद्य टेकवल्लभ, विनोद कालरा, आलोक अग्रवाल, दिनेश पाल, दीपक अरोड़ा, तुलसी, नरेश यादव, मयंक मेहंदीरत्ता आदि मौजूद रहे।
