क्रिकेट टूर्नामेंट मे सचिवालय विंग्स और हरिकेन की शानदार जीत
देहरादून। अंतर सचिवालय क्रिकेट टूर्नामेंट-2022 में सचिवालय विंग्स और हरिकेन ने जीत दर्ज की। महेश गोसाईं और फाजिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर सोमवार को दो मुकाबले हुए। पहला मैच सचिवालय विंग्स और सचिवालय लायंस के बीच खेला गया। विंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। नवीन ने 25 गेंदों में 67 रन, सुंदर ने 44 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय लायंस 18 ओवरों में 105 रनों पर ढेर हो गई। दूसरे मैच में सचिवालय हरिकेन और सचिवालय ईगल के बीच भिडंत हुई। ईगल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम 12 ओवरों में 42 रनों पर ढेर हो गई। सचिवालय हरिकेन की ओर से फाजिल ने पांच विकेट और सुनील ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय हरिकेन ने 4.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया।
