शिक्षक पर आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला
धौलपुर। सदर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में तैनात एक शिक्षक पर आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद एक युवक ने घायल शिक्षक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है। मामले की जानकारी देते हुए घायल शिक्षक थान सिंह ने बताया कि चार-पांच दिन पूर्व लल्ला नाम का एक युवक स्कूल में आया था और बेवजह बहस करने लगा। जब उससे बहस करने से मना कर दिया तो वह मौके पर देख लेने की धमकी देकर चला गया। शिक्षक ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद करीब एक-डेढ़ बजे जब वह अपने गांव की तरफ जा रहे थे तभी दो बाइकों पर सवार छह-सात लोगों ने उनकी बाइक को रुकवा लिया और नाम पूछने लगे। जब शिक्षक ने अपना नाम बताया तो इन लोगों ने उनके साथ डंडों से मारपीट कर दी। जिससे वह मौके पर ही गिर गया। घायल को मौके पर छोड़ आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद एक अन्य युवक ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी और ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
