चिकित्सक के ओडियो मामले के दर्ज मुकदमें का निस्तारण करने का दबाव
बस्सी। शहर के उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सामने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने धरना प्रदर्शन कर एसडीएम शिवचरण शर्मा एवं एसीपी मेघंचद मीना को ज्ञापन सौंप कर चिकित्सक के ओडियो मामले के दर्ज मुकदमें का निस्तारण करने का दबाव बनाया। इस पर अधिकारियों ने भाजपा नेताओं को निष्पक्ष जांच करने के लिए आश्वासन दिया है।
भाजपा कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से ही बस्सी के बलराम आश्रम में एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ता रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सामने धरना स्थल पर पहुंचे। रैली यहां पर सभा में तब्दील हो गई।
इस अवसर बस्सी के पूर्व विधायक कन्हैयालाल ने कहा कि कांग्रेस की तानाशाही सरकार एवं स्थानीय विद्यायक के व्यवहार से लोग तंग आ चुके हैं। भाजपा कार्यकर्ता पर जो मामला दर्ज कराया है , वह मामला दर्ज होने लायक बनता ही नहीं था, फिर भी पुलिस ने विधायक के दबाव में आकर मामला दर्ज कर उनकी पार्टी के कार्यकर्ता को फंसाया है। पूर्व मंत्री जितेन्द्र मीना ने कहा कि यहां की जनता स्थानीय विधायक से तंग आ चुकी है।
अब प्रदेश में कांग्रेस सरकार के जाने के दिन आ गए हैं। ओमप्रकाश मीना ने कहा कि जो भी अफसर नेता बनता है, वह जनता की भावना को नहीं समझता है। ऐसा ही बस्सी में हो रहा है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल खारड्या ने कहा कि वर्तमान विधायक दूसरे लोगों का क्यां उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं कर रहे हैं। विधायक ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया है।
