भूजल विभाग की संवीक्षा परीक्षा में बैठे 1167 अभ्यर्थी
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्ववाधान में मंगलवार को भूजल विभाग के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा अजमेर के चार केंद्रों पर हुई। दोनों पारियों में 1167 अभ्यर्थी शामिल हुए।
सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक तकनीकी सहायक रसायन संवीक्षा परीक्षा हुई। इसमें 454 अभ्यर्थी उपस्थित और 608 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 42.75 प्रतिशत रही। दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तकनीकी सहायक भूजल विज्ञान की परीक्षा कराई गई। इसमें 713 अभ्यर्थी उपस्थित और 556 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कुल उपस्थिति 56.19 प्रतिशत रही।
परीक्षा राजकीय सावित्री कन्या विद्यालय, सेंट्रल गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल पुरानी मंडी, राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा राजकीय पुलिस लाइंस स्कूल में पेपर शांतिपूर्ण तरीके से हुई। दोनों पेपर में 2331 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
साक्षात्कार 5 तक
आयोग में सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग)-2020 के तहत गणित के साक्षात्कार जारी हैं। मंगलवार को भी अभ्यर्थियों के मूल शैक्षिक दस्तावेज-प्रमाण पत्रों की जांच की गई। कोड अनुसार विभिन्न बोर्ड में साक्षात्कार हुए। साक्षात्कार 5 अगस्त तक चलेंगे।
