राजस्थान सरकार दिव्यांगों को दे रही 5 हजार स्कूटी, इस तरह पाएं स्कूटी..
जयपुर। मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना में वर्ष 2022 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए है। विशेष योग्यजनों को सरकार की ओर से स्कूटी दी जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने बताया कि इसके लिए आवेदनकर्ता को 31 अगस्त तक एसएसओ पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन पत्र, आवेदन की पात्रता, शर्तें व अन्य दिशा-निर्देश विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। फिर भी कोई परेशानी आ रही है तो आवेदनकर्ता संबंधित जिला कार्यालय में भी संपर्क कर सकता है।
मंत्री टीकाराम जूली ने बताया कि वर्ष 2021 से मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना की शुरूआत की गई थी। योजना से दिव्यांगों को सहारा मिल रहा है। दिव्यांगों को मिलने वाले फायदों को देखते हुए बजट वर्ष 2022-23 में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्कूटियों की संख्या 2 हजार से बढ़ाकर 5 हजार की है।
स्कूटी वितरण में पहली प्राथमिकता में 15 से 29 आयु वर्ग के विशेष योग्यजन शामिल हैं, जो नौकरी करते हैं या फिर राजकीय या मान्यता प्राप्त महाविद्यालय स्तरीय संस्थान में पढ़ रहे हैं। वहीं, द्वितीय प्राथमिकता के अंतर्गत कुल निर्धारित स्कूटियों में से शेष उपलब्ध होने की स्थिति में 45 वर्षीय आयु वर्ग के आवेदक शामिल होंगे।
