साल्वर गिरोह के दस सदस्यों की तलाश में एसटीएफ ने दी दबिश

कानपुर

लेखपाल परीक्षा में दो अभ्यर्थियों को पकडऩे के बाद एसटीएफ अब उन सॉल्वरों के पीछे पड़ी है जो परीक्षा केंद्रों के आसपास से अभ्यर्थियों को डिवाइस के जरिए जवाब बता रहे थे। इसके लिए एसटीएफ ने कानपुर देहात से इटावा तक 13 जगहों पर दबिश दी पर दस सॉल्वरों का कुछ पता नहीं चला।
लेखपाल भर्ती परीक्षा में एसटीएफ ने गोविंद नगर और नवाबगंज से दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया था। इनके कान में इंटरनेट डिवाइस लगी थी जिसके जरिए सॉल्वर उन्हें सवालों के जवाब बता रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के साथ एसटीएफ ने इस पर और काम शुरू किया तो पता चला कि दस सॉल्वर शहर में उस दिन मौजूद थे। एसटीएफ को इनमें से कुछ के मोबाइल नम्बर मिले। इसके जरिए उन्होंने लोकेशन के बारे में जानकारी हासिल की।
कानपुर देहात से इटावा तक 13 स्थानों पर एसटीएफ ने दबिश दी। इसमें हाईवे से जुड़े कई होटल और ढाबे मौजूद हैं। इसके अलावा कुछ घरों के बारे में भी जानकारी होने पर वहां पर भी पूछताछ की मगर सॉल्वरों को लेकर फिलहाल एसटीएफ को कोई जानकारी नहीं मिल सकी। एसटीएफ के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस मामले में सॉल्वरों के पकड़े जाने के बाद एक बड़े नेक्सेस का खुलासा होने की उम्मीद है। यह गिरोह सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि देश के अलग- अलग राज्यों में सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *