महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की जानकारी दी

 

विकासनगर। बाल विकास विभाग सहसपुर की ओर से चोईला में पोषण दिवस के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं को मातृ वंदन योजना के साथ ही उचित पोषण की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत सीडीपीओ देवेंद्र थपलियाल ने की। उन्होंने बताया कि मातृ वंदन योजना एक सशर्त योजना है, जिसमें क्रमबद्ध तौर पर पात्र महिलाओं को लाभान्वित किया जाता है। गर्भवती महिला के आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकरण करवाने पर एक हजार रुपये की राशि दी जाती है। प्रसव पूर्व जांच पूर्ण होने पर दूसरी किश्त के तौर पर दो हजार रुपये दिए जाते हैं। प्रसव के बाद शिशु टीकाकरण का प्रथम चरण पूरा होने पर दो हजार रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को इस योजना का लाभ लेने के साथ ही इसके प्रचार प्रसार करने की सलाह भी दी। इस दौरान अनीता पटवाल, चंद्रकांता, गीता, शाइस्ता आदि मौजूद रहे।वहीं, कालसी ब्लॉक के टिपऊ गांव में जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अखिलेश मिश्र ने महिलाओं को मातृ वंदन योजना और पोषण सप्ताह की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को घर में ही उचित पौष्टिक आहार उपलब्ध हो सकते हैं। इसके लिए घरेलू उपज का अपने आहार में शामिल किया जाना चाहिए। सीडीपीओ अंजू बडोला ने महिलाओं को नंदा गौरा योजना समेत विभाग की ओर से चलाई जा रही अन्य योजनाओं की जानकारी मुहैया कराई। इस दौरान ग्राम प्रधान सुरेंद्र दत्त शर्मा, निर्मला सेमवाल, अल्पना, बीना, रामो आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *