कांग्रेस ने निकाली मुनिकीरेती में भारत जोड़ो यात्रा
ऋषिकेश। जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग की ओर से गुरुवार को मुनिकीरेती में भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुरुवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा चौदहबीघा से होते हुए कैलास गेट स्थित क्रांति चौक तक गई। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की और सांकेतिक जाम लगाकर केंद्र सरकार की नीतियों की खिलाफत की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगमोहन भंडारी और दिनेश व्यास ने कहा कि आज पूरे देश को जोड़ने की आवश्यकता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया है, उससे उत्तराखंड के नौजवान बेहद निराश हैं। जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि देश को सामाजिक तौर पर भाजपा ने छिन्न-भिन्न कर दिया है, इसको जोड़ने की बहुत आवश्यकता है। कांग्रेसियों ने आर्थिक तौर पर युवाओं को बेरोजगार कर उत्तराखंड में अपने चहेतों, रिश्तेदारों और बाकी अयोग्य लोगों से लाखों रुपया लेकर जो भर्ती घोटाला किया गया है, उसकी सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की। प्रदर्शन में राजेंद्र राणा,आशीष राणाकोटी, प्रदेश सचिव दिनेश सकलानी ,अजय रमोला, खराज भंडारी, अनिन रावत, विपिन रावत, बलवंत चौहान, शिवम, विक्की प्रजापति, सुरेंद्र भंडारी,दयाल भंडारी, गबर चौहान, सरस्वती जोशी, बंदना नेगी, अनिता कोटियाल, उर्मिला ममगाईं, प्यारी रावत आदि मौजूद रहे।
