हक मांगना पड़ा महंगा, शराब के नशे में धुत ठेकेदार ने दोस्तों के साथ मिलकर की मजदूर की पिटाई
जालंधर
मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार और उसके पांच साथियों ने एक मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत की शुरुआती जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले राहुल कुमार ने बताया कि वह चक्क कलां के एक ईंट भट्ठे पर लुधियाना के एक ठेकेदार के पास काम करता है।
बीती 24 मार्च को उसने ठेकेदार से कुछ पैसों की मांग की तो उसने शाम को देने की बात कहकर उसे भेज दिया। इस बीच ठेकेदार ने भट्ठा मालिक से मजदूरों को देने के लिए पैसे ले लिए, लेकिन उसे पैसे नहीं दिए। इसके बाद जब पीड़ित ने दोस्तों के साथ शराब पी रहे ठेकेदार से पैसे की मांग की तो भड़के ठेकेदार और उसके साथियों ने उसे बेरहमी से पीट दिया।
