सरकार हाई अलर्ट पर, यूपी में भी तेजी से फैल रहा है कोरोना
लखनऊ –
कोरोना महामारी उत्तर प्रदेश में वापसी करने की पूरी कोशिश में है. राज्य में कोविड संक्रमण दोबारा स्पीड पकड़ता नजर आ रहा है. राजधानी लखनऊ में भी कोरोना हेल्पलाइन में करीब 12 कर्मचारी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं. इसके बाद से ही शहर में कोरोना को लेकर फिर टेंशन का माहौल बन रहा है. बताया जा रहा है कि प्रदेश में कोरोना रेट 56 प्रतिशत बढ़ने के बाद से सरकार अब हाई अलर्ट पर है।
गौरतलब है कि कानपुर जिला जेल में भी कोरोना ने लोगों को डरा कर रखा है. जिला कारागार में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है. बताया जा रहा है कि बीते दिनों में जेल के 12 कैदी कोविड पॉजिटिव मिले थे. इसके बाद बीते गुरुवार 11 और कैदियों में संक्रमण पाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में कोरोना मौजूद है. इनमें से 16 जिले ऐसे हैं, जहां कोरोना गति पकड़ रहा है. लखनऊ में हर दिन ही कोविड की संख्या बढ़ने की खबर आ रही है. मार्च 2021 में ये केस दोगुने हो गए हैं. बता दें, शुक्रवार तक उत्तर प्रदेश में 4,388 एक्टिव केस पाए गए थे. बताया जा रहा है कि मार्च में हर दिन पहले से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं. जनवरी-फरवरी में हर रोज एक्टिव केस का ग्राफ नीचे गिर रहा था, लेकिन अब यह बढ़ता चला जा रहा है. गौरतलब है कि 1 मार्च 2021 को केवल 87 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, लेकिन बीते बुधवार यह आंकड़ा 8 गुना ज्यादा बढ़ गया और 737 हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 1 मार्च को प्रदेश में 2078 मरीज थे, जो 24 दिन में दोगुने (4388) हो गए हैं. इसके अलावा, मौत का आंकड़ा भी दो महीनों में सबसे ज्यादा है. गुरुवार को 5 लोगों की मौत हुई थी. इसके पहले 21 जनवरी के दिन 6 लोगों ने कोरोना से जान गवां दी थी. लखनऊ के साथ कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज, आगरा, बरेली, वाराणसी, मेरठ, कासगंज, संभल, महोबा, श्रावस्ती, गाजियाबाद, सिद्धार्थनगर, हापुड़ और बलरामपुर में भी कोरोना का कहर दोबारा शुरू हो गया है।
