लुधियाना में बंद के कारण ट्रेनों का आवागमन ठप, पुलिस ने यात्रियों को वापस भेजा
लुधियाना
भारत बंद को लेकर ट्रेनों का आवागमन भी ठप हो चुका है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार आने वाली ट्रेनों को अंबाला में ही रोक दिया गया है जबकि अमृतसर से आने वाली ट्रेनों को गोराया रेलवे स्टेशन पर किसान समर्थकों ने रोक लिया है जिसके कारण ट्रेनों का आवागमन ठप हो चुका है और यात्री परेशानी में भी पड़े हुए हैं। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ द्वारा सुरक्षा को लेकर चैकसी बरती गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म एक से ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को पुलिस ने स्टेशन से बाहर निकाल दिया और उन्होंने कहा कि जब ट्रेनों का आवागमन शुरू होगा उसके बाद वे स्टेशन परिसर में पहुंचे।
स्टेशन पर चल रही कार्रवाई के बारे में स्टेशन अधीक्षक अशोक सिंह सलारिया ने कहा कि ट्रेनों का आवागमन बंद होने के कारण यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है ताकि वह सुरक्षित रहें। ट्रेनों का आवागमन बंद होने के कारण स्टेशन से कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस मुस्तैद है और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कह दिया गया है। आरपीएफ की पोस्ट कमांडर अनिल कुमार ने कहा कि रेल संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ चैकस है।
