महिलाओं के लिए आजीविका कार्यक्रम का संचालन

श्रीनगर गढ़वाल। महिला, पर्यावरण एवं विकास की अवधारणा को सार्थकता प्रदान करने के लिए गढ़वाल विवि द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गांव में पहुंचकर महिलाओं को जानकारी दी जायेगी। कार्यक्रम के संयोजक डा. विजय कान्त पुरोहित ने कहा कि स्थानीय लोगों को आजीविका आधारित बंजर भूमि विकास कार्यक्रम की जानकारी एवं जागरूकता की दृष्टि से एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करवाया जाना है। तथा विश्वविद्यालय का यह कार्यक्रम स्थानीय महिलाओं के लिए निरन्तर चलता रहेगा I जिसमें अभी तक खिर्सू के अन्तर्गत भैसकोट, उज्जवलपुर तथा कोल्ठा की पैंतीस महिलाओं को भ्रमण करवाकर जानकारियां प्रदान की गयी है। कहा कि विवि की कुलपति के निर्देशन में कैंम्पस विकास अनुभाग एवं हैप्रेक द्वारा विश्वविद्यालय की वर्षों से बंजर पड़ी भूमि को आजीविका आधारित वन के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर वानिकी, उद्यानिकी, औषधीय एवं सब्जी उत्पादन के समन्वयन से बंजर भूमि को विकसित किये जाने का नमुना तैयार करने के साथ ही स्थानीय लोगों को जागरूक करने की दृष्टि से शैक्षणिक भ्रमण करवाकर जानकारियां प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में प्रदीप डोभाल, जयदेव चौहान, महेश डोभाल, कुलदीप रावत, शुभम भट्ट, मनोज कुमार, कमल पुंडीर, राकेश बडोनी, मोनाली चौहान, अलका सती आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *