राजस्व अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए

उत्तरकाशी । जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर बकायदारों से वसूली में तेजी लाने के साथ ही लंबित प्रकरणों को तत्काल हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि बड़े बकायदारों से वसूली के लिए अमीनों को जिम्मेदारी देकर नियमित मॉनिटरिंग कर कामों में तेजी लाएं।
डीएम अभिषेक ने बुधवार को बैठक में ई-ऑफिस के संचालन को लेकर कलक्ट्रेट के अलावा सभी तहसीलों को भी जोड़ने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने एआरटीओ को सड़क सुरक्षा को लेकर चिह्नित स्थानों पर क्रश बैरियर, पैराफिट आदि लगाने को कहा। प्रत्येक महीने हर तहसील में जागरुकता अभियान, कार्यशाला, गोष्ठी का आयोजन करने के निर्देश दिए। कहा कि इसमें टैक्सी, मैक्सी एवं बस के वाहन चालक, नए लाइसेंस धारक लाभार्थियों को जरूर बुलाएं। डीएम ने कहा कि तेज रफ्तार एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करें। एसडीएम, पुलिस और एआरटीओ संयुक्त रूप से संघन चेकिंग अभियान चलाए। डीएम ने आबकारी विभाग को कहा कि शराब की अधिकांश शिकायतें ओवर रेट को लेकर आती है। इसलिए सभी दुकानों के बाहर रेटलिस्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही कच्ची शराब व अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए छापेमारी अभियान चलाएं। बैठक में एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम चतर सिंह चौहान, शालिनी नेगी, मीनाक्षी पटवाल, एआरटीओ मुकेश सैनी, तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान, चमन सिंह थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *