ग्राम प्रधान प्रदेश अध्यक्ष ने सुनी समस्याएं
चम्पावत। उत्तराखंड ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भाष्कर संभल का लोहाघाट पहुंचने पर ग्राम प्रधानों ने स्वागत किया। इस दौरान ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया गया। ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज तड़ागी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष संभल ने ग्राम प्रधानों की समस्याएं सुनी। लोहाघाट ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक महामंत्री शिवराज सिंह बोहरा ने बताया कि ग्राम पंचायतों का बजट समय से न आने से विकास कार्य रुक गए हैं। उन्होंने विधायक, सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधानों की भी निधि निर्धारित करने, मनरेगा में मजदूरों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने, जल जीवन मिशन से ठेकेदारी प्रथा हटाकर इसके कार्यों को ग्राम पंचायत के माध्यम से कराने की मांग की। उन्होंने आपदा राहत निधि बनाकर आपदा के कार्यों को करवाने के लिए सक्षम करने की बात कही। इस मौके पर पाटी के ब्लॉक अध्यक्ष राजू बिष्ट, प्रकाश माहरा, कविराज मौनी, सरिता अधिकारी, हीरा अधिकारी, महेंद्र बोहरा, मुकेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।
