पोस्टकार्ड अभियान को मिल रहा व्यापक समर्थन

ऋषिकेश। आईडीपीएल आवासीय कल्याण समिति की ओर से आवास बचाने को चलाए जा रहे पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। शनिवार को समिति से जुड़े लोगों ने अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आईडीपीएल कॉलोनी को नगर निगम ऋषिकेश में शामिल करने की मांग की।
27 मई के बाद आईडीपीएल की भूमि राज्य सरकार के अधीन हो जाएगी, इस खबर से आईडीपीएल कॉलोनी में रहने वाले लोगों में उनके आवास छिनने का खतरा बना हुआ है। आवास बचाने को लेकर आवासीय कल्याण समिति आईडीपीएल आवाज नाम से पोस्टकार्ड अभियान चला रही है, जिसमें हस्ताक्षर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा रहा है।
शनिवार को भी कॉलोनी क्षेत्र में पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया, जिसे काफी समर्थन मिला। समिति अध्यक्ष रामेश्वरी चौहान और सचिव सुनील कुटलैहड़िया ने बताया कि 27 मई के बाद आईडीपीएल में सफाई, बिजली और सीवर की समस्या खड़ी हो जाएगी। लिहाजा कॉलोनीवासी मुख्यमंत्री से आईडीपीएल कॉलोनी को नगर निगम में शामिल करने की मांग उठा रहे हैं, ताकि बुनियादी सुविधाएं सुचारु रहें। मौके पर सारिका, नीलम, रजनी, जन्मदेई, दया बिष्ट, राजकली, कृष्णा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *