नर्सरी रोड पर खनन सामग्री से लदे ट्रकों ने बढ़ाई मुसीबतें

 

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में नर्सरी रोड पर खनन सामग्री से लदे भारी ट्रक लोगों की मुसीबतें बढ़ा रहे हैं। इस मार्ग पर सुबह के समय बड़ी संख्या में खनन सामग्री लेकर आ रहे वाहनों, मार्ग पर आड़े तिरछे पार्क किए गए वाहनों एवं रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों के कारण जाम की समस्या पैदा हो रही है। साथ ही इस मार्ग से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानियों से होकर गुजरना पड़ रहा है। जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। वहीं दूसरी ओर इसी मार्ग पर नैथाणा पुल के पास अलकनंदा नदी किनारे पोकलैंड व जेसीबी मशीनों से खनन सामग्री खोदी जा रही है। जिससे नदी के एक हिस्से में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे बरसात के दिनों में नदी का बहाव आवासीय बस्ती की ओर आने का खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय निवासी पीवी डोभाल का कहना है कि नैथाणा पुल के पास अवैध रूप से खनन के लिए नदी के किनारे को खोदा जा रहा है। जिससे भविष्य में आवासीय बस्ती को खतरा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि रात तीन बजे से उक्त मार्ग पर खनन के वाहन चलने शुरू हो जा रहे हैं। जिससे लोगों की नींद भी उड़ रही है। इसके अलावा जिस मार्ग को खनन सामग्री ले जाने के लिए उपयोग में लाया जा रहा है वह तीव्र ढलान व चढ़ाई वाला मार्ग है, जिससे यहां भारी वाहनों का गुजरना खतरनाक साबित हो सकता है। इस रास्ते से सुबह के समय बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का आवागमन भी होता है। कहा प्रशासन के संज्ञान में मामला होने के बावजूद इस पर आंखे मूंदी हुई हैं। उन्होंने तत्काल इस पर रोक लगाए जाने की मांग की। एसडीएम श्रीनगर अजयवीर सिंह का कहना है कि नर्सरी रोड पर खनन सामग्री से लदे ट्रकों के भारी संख्या में आवागमन व खनन के लिए नदी किनारे को मशीनों से खोदे जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। इसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *