चारधाम यात्रियों को ठहरने की निशुल्क सुविधा दे रहा सनातन धर्म मंदिर
विकासनगर। चारधाम यात्रा पर पछुवादून से होकर जाने वाले यात्रियों के लिए सनातन धर्म मंदिर समिति ने बड़ी सुविधा मुहैया कराई है। समिति की ओर से ढाई सौ यात्रियों के ठहरने के लिए निशुल्क व्यवस्था की गई है। जहां उन्हें बिस्तर से लेकर अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। अभी तक करीब दो सौ यात्री निशुल्क रात्रि विश्राम सुविधा का लाभ ले चुके हैं। चारधाम यात्रा के दौरान जहां एक ओर यात्रियों से मनमाने दाम वसूले जाने के आरोप लग रहे हैं, वहीं यात्रियों के लिए राहत भरी खबरें भी सामने आ रही हैं। चारधाम यात्रा पर जाने वाले अधिकांश यात्री बसों में आते हैं, जो महंगे होटलों में रहने में असमर्थ हैं। ऐसे में पछुवादून से गुजरने वाले यात्रा मार्ग पर कोई सराय या धर्मशाला नहीं होने से यात्रियों को यहां रात्रि विश्राम की सुविधा नहीं मिलती थी, जिसके चलते यात्री बसों में या खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर होते थे। इसी परेशानी को देखते हुए इस बार नगर की सनातन धर्म मंदिर समिति ने यात्रियों को निशुल्क रात्रि विश्राम की सुविधा देनी शुरू की है। इसके लिए मंदिर परिसर में बनी धर्मशाला में ढाई सौ बिस्तर लगाए गए हैं। धर्मशाला में दो बड़े हॉल के साथ ही टीन शेड से ढका हुआ बड़ा अहाता है। जिनमें यात्रियों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति के प्रधान सुरेंद्र मित्तल, मंत्री रविंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, उप प्रधान लक्ष्मीचंद गुप्ता, उप मंत्री प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि धर्मशाला में ठहरने वाले यात्रियों के लिए बिस्तर से लेकर प्रसाधन की सुविधा निशुल्क मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक दो सौ यात्री इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं।
