अवैध खनन को लेकर राड़ीखूटी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़। राड़ीखूटी के ग्रामीण सरयू नदी में हो रहे अवैध खनन को लेकर प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा खनन माफियाओं ने अपने फायदे के लिए नदी का प्रवाह रोक कर बीचोबीच सड़क बना दी है। लेकिन खनन को रोकने के लिए कोई पहल नहीं हो रही है। जबकि इस संबंध में प्रशासन को वे कई बार सूचना दे चुके हैं।
मंगलवार को राड़ीखूटी के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा सरयू नदी में भू माफिया नियमों को ताक पर रखकर खनन कर रहे हैं। कहा प्रशासन सबकुछ जानते हुए भी अंजान बना हुआ है। लगातार हो रहे खनन से नदी का जलस्तर भी कम हो गया है। ग्रामीणों ने कहा धार्मिक तौर पर भी सरयू नदी विशेष महत्व रखती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां स्नान को पहुंचते हैं। ऐसे में अगर नदी का प्रवाह दूसरी तरफ किया गया तो इससे श्रद्धालुओं को भी दिक्कत होगी। साथ ही कई जलीय जीव-जंतुओं के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो जाएगा। बाद में ग्रामीणों ने डीएस को ज्ञापन भी दिया और अवैध खनन पर पूर्णतया रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा अगर जल्द ही प्रशासन ने कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो वे अन्य ग्रामीणों को लेकर अनिश्चिकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।
