दीपक रावत ने पेश की इंसानियत की मिसाल
ऋषिकेश। वृद्ध मरीज को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में ब्लड डोनर नहीं मिला। इसके बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तभी अस्पताल के उसी वार्ड के कर्मचारी दीपक रावत ने स्वयं ड्यूटी के दौरान रक्तदान करने का निर्णय लिया। रुड़की के श्याम कुमार त्यागी ने बताया कि उनकी माता केलावती पिछले सात मई से हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट के कार्डियक आईसीयू में भर्ती हैं। चिकित्सकों ने उन्हें रक्त की आवश्यकता बताई थी, इसके लिए अस्पताल के ब्लड बैंक में एक रक्तदाता उपलब्ध कराना जरूरी था। लेकिन वे अपने शहर से बाहर होने के कारण रक्तदाता उपलब्ध नहीं करा पाए। ऐसे में स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसी सीसीयू वार्ड के कर्मचारी दीपक रावत आगे आए और ब्लड बैंक जाकर स्वयं रक्तदान कर आए ताकि मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उनके इस मानवीय सेवा के उत्कृष्ट कार्य की वार्ड स्टाफ, मरीजों और त्यागी ने प्रशंसा की है।
