कालसी में बस अड्डा निर्माण की मांग
विकासनगर। जौनसार-बावर के प्रवेश द्वार कालसी में बस अड्डा न होने की वजह से वाहन सड़कों पर ही बेतरतीब खड़े रहते हैं। इससे आए दिन कालसी बाजार में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। क्षेत्रीय लोग लंबे समय से यहां बस अड्डे की मांग कर रहे हैं। लेकिन, इस मांग पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब फिर से क्षेत्रवासियों ने परिवहन मंत्री चंदनराम दास से कालसी में बस अड्डा निर्माण की मांग की है। जौनसार-बावर का प्रवेश द्वार होने के चलते कालसी में रोजाना सैकड़ों वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। चकराता जाने वाले पर्यटक भी कालसी से होकर ही जाते हैं। लेकिन, यहां बस अड्डा न होने से वाहन चालकों समेत अन्य यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले जौनसार-बावर के 450 गांवों व मजरों के लिए आने-जाने वाला हर वाहन कालसी से ही होकर जाता है। जिससे मुख्य बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। कालसी से ही एक दर्जन से अधिक मुख्य मार्गों सहित पांच दर्जन के करीब संपर्क मार्ग जुड़ते हैं। यात्री वाहनों के साथ ही किसानों की नगदी फसलों को लेकर आने वाले वाहन कालसी कस्बे से ही होकर गुजरते हैं। ब्लॉक प्रमुख मठोर सिंह, ज्येष्ठ उप प्रमुख भीम सिंह चौहान, कनिष्ठ उप प्रमुख रितेश असवाल, रेखा देवी, जवाहर सिंह, स्वराज सिंह, प्रेम सिंह, बामो देवी आदि ने परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेज कर कालसी में बस अड्डा निर्माण की मांग की है।
