रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर तय करेंगे अतिक्रमण हटाने की रणनीति

हल्द्वानी। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि 4 दिन के भीतर रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर अतिक्रमण हटाने को लेकर रणनीति तय की जाएगी। अतिक्रमण हटाने की तिथि रेलवे की ओर से ही तय की जाएगी। रेलवे ने 30 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का प्लान प्रशासन को दिया है। अतिक्रमण हटाने की तैयारी को लेकर बनी कमेटी को दो दिन के भीतर प्रशासन को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि रेलवे की 29 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई रेलवे की ओर से संपन्न कराई जाएगी। जिसमें प्रशासन की ओर से सिर्फ शांति व्यवस्था बनाए रखने व रेलवे कर्मियों व पुलिस फोर्स के रुकने आदि की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस फोर्स और अतिक्रमण हटाने को ड्यूटी पर लगे रेलवे कर्मियों के रहने, खाने व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेन्द्र सिंह धोनी को शामिल किया गया है। कमेटी को दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम के निर्देश पर बुधवार शाम प्रशासन, नगर निगम व पुलिस की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे अभियान शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *