केन्द्रीय मंत्री भट्ट ने डीएम को दिए नजूल के मामले निपटाने के निर्देश

हल्द्वानी। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल को हल्द्वानी नगर निगम के नजूल भूमि के मामलों को शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नजूल भूमि पर मनमाने ढंग से मूल्य निर्धारण किए जाने पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नजूल के मामलों का प्राथमिता से समाधान किया जाए। केंद्रीय मंत्री भट्ट ने जिलाधिकारी गर्ब्याल को पत्र लिखकर कहा कि नजूल भूमि मामले में मनमाने ढंग से मूल्य का निर्धारण किया जा रहा है। जिसके चलते स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर निगम की नजूल भूमि को शासन द्वारा निर्धारित शुल्क जमा कर लोगों को भूस्वामित्व दिए जाने की प्रक्रिया चल रही है। लेकिन स्थानीय विभाग इन प्रकरणों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। करीब 700 लोगों की फाइल पूर्ण होने के बावजूद कार्यालयों में विचाराधीन है। भट्ट ने जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल कैंप लगाकर लोगों की फाइलों का निस्तारण किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *