आग लगने से गौशाला खाक

चम्पावत। भारत-नेपाल बॉर्डर पर स्थित थपलियालखेड़ा गांव में एक ग्रामीण की गौशाला में आग लगने से हजारों का नुकसान हुआ है। बेकाबू आग को ग्रामीणों ने सौ मीटर दूर नल से पानी ढोकर बमुश्किल बुझाया। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को शाम के समय थपलियालखेड़ा निवासी मंजू देवी पत्नी पुष्कर सिंह की गौशाला में आग धधक गई। आग लगने की सूचना के बाद आस पड़ोस में हड़कंप मच गया। जैसे-तैसे ग्रामीणों ने एकत्र होकर सौ मीटर दूर नल से पानी ढोकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे के बाद आग पर बमुश्किल काबू पाया गया। लेकिन आग की जद में आए करीब दस बीघा जमीन का एकत्र किया भूसा जलकर खाक हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरीश प्रसाद और वार्ड मेंबर प्रीति महर ने बताया कि भूसे के साथ गौशाला में रखा अन्य सामान भी खाक हो गया। बताया जा रहा है करीब चालीस से पचास हजार का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। इधर, नेपाल सीमा से सटा होने के कारण समय पर फायर विभाग से संपर्क नहीं हो पाया। जिस कारण ग्रामीणों को मदद नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *