आपदा के 7 माह बाद भी सड़क खस्ताहाल
चम्पावत। विकास खंड बाराकोट में आपदा के सात महीने गुजरने के बाद भी लोनिवि ने गल्लागांव से सिमलखेत तक मोटर मार्ग को दुरुस्त नहीं किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मोटर मार्ग की बदहाली पर लोनिवि के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश राय ने बताया कि बीते अक्टूबर माह में आई आपदा में क्वारकोली, तहसील, काकड़, बाराकोट, नर्रा आदि स्थानों में मोटर मार्ग जगह जगह क्षतिग्रस्त हुआ है। मोटर मार्ग में लोग जान हथेली में लेकर सफर कर रहे हैं। जिपं अध्यक्ष ने बताया कि काकड़ नर्रा में करीब 150 मीटर मोटर मार्ग ध्वस्त हो गया था। लोनिवि ने केवल खानापूरी की है। उन्होंने लोनिवि को जल्द मोटर मार्ग की दशा सुधारने के कड़े निर्देश दिए हैं। लोनिवि के ईई बीसी भंडारी ने बताया कि मोटर मार्ग दैवीय आपदा से कई स्थानों में क्षतिग्रस्त हुआ है। जिसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
