बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं होने से गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
विकासनगर। दैवीय आपदा से प्रभावित जुड्डो गांव के ग्रामीणों के मकान में भरा मलबा नहीं हटाए जाने और सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से ग्रामीण आगामी बरसात को लेकर दहशत में हैं। रविवार को ग्रामीणों ने बरसात से पहले गांव के पास यमुना नदी व स्वान गाड में सुरक्षात्मक कार्य किए जाने को लेकर गांव में ही प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने बताया कि जुलाई 2021 में जुड्डो गांव में भारी बरसात के चलते स्वान गाड ऊफान गई थी, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। बरसात का मलबा घरों और खेतों में भर गया था। इसके साथ ही उनके मवेशी भी मलबे में दफन हो गए थे। आपदा में रूप सिंह तोमर, संसार सिंह तोमर, खेम सिंह तोमर, किशन सिंह, नारायण सिंह, आदि लोगों के मकान और गौशालाएं क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। उस समय तहसील प्रशासन ने प्रभावितों को उचित मुआवजा और गांव में सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक न तो मुआवजा मिला और न ही बाढ़ सुरक्षा कार्य किए गए हैं। कहा कि गांव के बगल से होकर बरसाती स्वान गाड गुजरती है, जबकि गांव के नीचे से यमुना बह रही है। जिससे बरसात में गांव को खतरा बना हुआ है। कहा कि बरसात से पहले गांव में घुसे मलबे और खेतों में जमा मलबे को हटाया जाना जरूरी है। ग्रामीणों ने कहा कि बरसात से पहले मलबा हटाने और बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं होने पर तहसील मुख्यालय और सिंचाई विभाग के कार्यालय पर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना तोमर, कमलेश भट्ट, राकेश तोमर, संजय चौहान, सत्यपाल चौहान, अनिल, कविता, रूप सिंह, संसार सिंह आदि शामिल रहे।
