पुण्य तिथि पर पूर्व राष्ट्रपति राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि  

विकासनगर। पछुवादून विकास मंच ने पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। हरबर्टपुर स्थित मंच कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं आदर्शों से सीख लेने पर जोर दिया गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मंच संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि डा .राधाकृष्णन ने अपने पूर्ववर्ती डा. राजेंद्र प्रसाद की परंपरा को आगे बढ़ाया। वे उच्च कोटि के शिक्षक और समाज सुधारक थे। उनका कहना था कि स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण एक शिक्षक ही करता है। इसलिए शिक्षक को समाज का शिल्पी कहा जाता है। सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारतीय संस्कृति के ज्ञानी, एक महान शिक्षाविद्, महान दार्शनिक, महान वक्ता होने के साथ ही साथ विज्ञानी हिंदू विचारक थे। उन्होंने अपने जीवन के 40 वर्ष एक शिक्षक के रूप में व्यतीत किए थे। वह एक आदर्श शिक्षक थे। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व के लिए संपूर्ण राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। इस दौरान सुनील कुमार, विजयपाल बिष्ट, मुकेशराज शर्मा, अनिल कुमार, आमोद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *