हरिपुर ढकरानी में चार दिन से पेयजल संकट

विकासनगर। हरबर्टपुर निकाय क्षेत्र से लगी पंचायत हरिपुर ढकरानी में चार दिन से पेयजल संकट गहराया हुआ है। जल संस्थान अधिकारियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की जा रही है। इससे चार हजार की आबादी को फजीहत झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोग खुद के संसाधनों पर टैंकर के माध्यम से पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होने पर बंशीपुर जल संस्थान कार्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
स्थानीय ग्रामीण मोहन सिंह राठौर, हरि सिंह, रणवीर, ओमपाल, मिजाजी लाल, प्रह्लाद, दिनेश, राकेश राठौर ने बताया कि चार दिन से चार हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। चार दिनों से ग्रामीण पेयजल के लिए एक हैंडपंप पर निर्भर हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। कहा कि जल संस्थान अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति बाधित होने की जानकारी देने के बावजूद आपूर्ति बहाल करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है और न ही बस्ती में टैंकर के माध्यम से आपूर्ति की जा रही है। जल संस्थान अधिकारी गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का कारण तक नहीं बता रहे हैं। मजबूरी में ग्रामीणों को खुद के संसाधनों पर गांव में टैंकर मंगाना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी में टैंकर का पानी पर्याप्त नहीं हो रहा है। इसके साथ ही पशुओं के लिए भी पीने के पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। उधर, जल संस्थान के एसडीओ जयपाल चौहान ने बताया कि संबंधित अवर अभियंता को पेयजल लाइन का निरीक्षण कर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार से आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *